रामपुर से शारिक खान की रिपोर्ट
रामपुर (उत्तर प्रदेश): जनपद के थाना शहजादनगर इलाके में पुलिस और शातिर अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक गौकश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने मौके से हथियार और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की थी घेराबंदी
जानकारी के मुताबिक, थाना शहजादनगर पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम झूठिया के जंगल में दो शातिर अपराधी गोवध (गौकशी) करने के इरादे से आने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत एक्शन लिया और ग्राम जुठिया से भमरौवा जाने वाले जंगल के कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर संदिग्धों की चेकिंग शुरू कर दी।
रुकने का इशारा करने पर पुलिस पर झोंक दी आग
चेकिंग के दौरान पुलिस को एक सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। जब पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने भी बिना वक्त गंवाए आत्मरक्षार्थ और जवाबी कार्रवाई की।
पैर में गोली लगने से समीर घायल, अखलाक फरार
पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक अभियुक्त समीर (उम्र लगभग 30 वर्ष) पुत्र वारिस उर्फ वशीर, निवासी ग्राम जुठिया, थाना शहजादनगर, रामपुर के बाएं पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही वह मोटरसाइकिल सहित गिर पड़ा, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं, उसका भाई और दूसरा अभियुक्त अखलाक अंधेरे का लाभ उठाकर जंगल के रास्ते फरार हो गया।
अस्पताल में भर्ती: घायल अभियुक्त समीर को तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल रामपुर भेजा गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस फरार अभियुक्त अखलाक की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
