रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने और छूटे हुए मतदाताओं को पंजीकरण का मौका देने के लिए 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों की बैठक आयोजित हुई।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील कुमार के निर्देशों के क्रम में आयोजित बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को विशेष अभियान की तिथियों पर अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत दोनों दिन बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने बूथों पर उपस्थित रहकर आमजन से आवेदन प्राप्त करेंगे।
विशेष अभियान का उद्देश्य ऐसे पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का अवसर देना है, जिनका नाम अभी तक निर्वाचक नामावली में शामिल नहीं हो पाया है या किसी कारणवश सूची से हट गया है। पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने सभी सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अभियान के दौरान अपने क्षेत्रों के बूथों का भ्रमण कर बीएलओ की उपस्थिति और आवेदन प्राप्त करने की व्यवस्था का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही भ्रमण रिपोर्ट संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर को उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में उप जिलाधिकारी कलेक्ट्रेट सहित सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।

