रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। शराब तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए तस्करी का नया तरीका अपनाया, लेकिन छपार पुलिस, एसओजी और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने उनकी चाल पकड़ ली। पेस्टीसाइड के कार्टूनों के बीच छिपाकर बिहार ले जाई जा रही 290 पेटी चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने ट्रक में सवार दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चंडीगढ़ से पेस्टीसाइड लेकर बिहार जा रहे ट्रक में अवैध शराब भी छिपाई गई है। सूचना पर छपार पुलिस, एसओजी और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने ट्रक की जांच की। तलाशी में पेस्टीसाइड के कार्टूनों के बीच छिपाकर रखी गई 290 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। ट्रक से विभिन्न कंपनियों के 625 कार्टून पेस्टीसाइड भी मिले।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप चौधरी निवासी छपरा, बिहार और साहिल उर्फ काक्कू निवासी बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। तस्करी में इस्तेमाल ट्रक भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चंडीगढ़ से सस्ती शराब खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचते थे। बिहार में शराबबंदी के चलते अधिक मुनाफा कमाने के लिए पेस्टीसाइड के कार्टूनों के बीच शराब छिपाकर ले जा रहे थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और आरोपियों के आपराधिक इतिहास के साथ तस्करी नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है।
थानाध्यक्ष मोहित कुमार, एसओजी प्रभारी मोहित सिंह और आबकारी निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। टीम में छपार पुलिस, एसओजी और आबकारी विभाग के कर्मचारी शामिल रहे।

