रिपोर्ट – कबीर
मुज़फ्फरनगर,बुढ़ाना। होली चौक स्थित बाबा जाहरवीर गोगाजी महाराज के मंदिर परिसर में बुधवार को बाबा जाहरवीर गोगाजी और गुरु गोरखनाथ की कथा का बड़े प्रोजेक्टर के माध्यम से प्रसारण किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एडवोकेट मोहित त्यागी ने किया। अतिथि के रूप में भाजपा नेता मोनू ठाकुर रहे इस दौरान बाबा जाहरवीर गोगाजी समिति के अध्यक्ष डॉ. फल कुमार पवार और समिति के सदस्यों ने मोहित त्यागी का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया।
उद्घाटन अवसर पर मोहित त्यागी ने कहा कि वह पिछले कई वर्षों से बाबा जाहरवीर गोगाजी की कथा का प्रसारण देखते आ रहे हैं। बाबा के जीवन और आदर्शों से सभी को प्रेरणा लेकर उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. फल कुमार पवार ने बताया कि बुढ़ाना-कांधला मार्ग पर बाबा जाहरवीर गोगाजी का हर वर्ष मेले का आयोजन किया जाता है। इस बार भी करीब डेढ़ माह तक चलने वाले मेले में श्रद्धालुओं और लोगों के लिए विभिन्न प्रकार के आकर्षण मौजूद हैं। मेले में बड़े झूले, जादू झूला, ट्रेन, ड्रैगन समेत मनोरंजन के अन्य साधन लगाए गए हैं। इसके अलावा हलवा-पराठा सहित खाने-पीने के विभिन्न स्टॉल भी लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि मेले के आयोजन में बुढ़ाना पुलिस और प्रशासन का भी सहयोग मिल रहा है। होली चौक पर कथा प्रसारण के दौरान सैकड़ों लोगों की मौजूदगी रही। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह दिखाई दिया।
