Homeउत्तर प्रदेशश्रावस्ती में नवजात की मौत पर हंगामा, आशा कार्यकर्ता पर प्रसूता को...

श्रावस्ती में नवजात की मौत पर हंगामा, आशा कार्यकर्ता पर प्रसूता को निजी अस्पताल ले जाने का आरोप

रिपोर्ट – प्रदीप गुप्ता

श्रावस्ती। श्रावस्ती में स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। प्रसव पीड़ा होने पर पति अपनी पत्नी को लेकर सीएचसी भिनगा पहुंचा, लेकिन आरोप है कि आशा कार्यकर्ता उसे अपने परिचित के एक निजी अस्पताल ले गई। करीब दो घंटे तक इलाज चला और फिर ऑपरेशन की बात कही गई। इसके बाद परिजन प्रसूता को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां कुछ ही मिनटों में सामान्य प्रसव हो गया, लेकिन नवजात की जान नहीं बच सकी। बच्चे की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और निजी अस्पताल पहुंचकर जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

श्रावस्ती के बन्ठिहवा गांव में नवजात की मौत के बाद परिजनों ने निजी अस्पताल और आशा कार्यकर्ता की भूमिका पर गंभीर सवाल उठाए हैं।दरअसल, गांव निवासी इरफान अपनी पत्नी आसमीन को प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी भिनगा लेकर पहुंचे थे। वहां डॉक्टर ने अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी। परिजनों का आरोप है कि अल्ट्रासाउंड के बाद आशा कार्यकर्ता सुग्गा देवी ने अपने परिचित डॉक्टर को रिपोर्ट दिखाने की बात कही और प्रसूता को निजी अस्पताल ले गईं।

आरोप है कि रिपोर्ट दिखाने के बहाने महिला को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। करीब दो घंटे तक इलाज चलता रहा। इसके बाद अस्पताल की ओर से ऑपरेशन कराने की बात कही गई। इस पर परिजनों ने जिला अस्पताल में ऑपरेशन कराने का फैसला किया और प्रसूता को लेकर जिला अस्पताल पहुंच गए। परिजनों के मुताबिक, जिला अस्पताल पहुंचने के करीब दस मिनट के भीतर सामान्य प्रसव हो गया, लेकिन नवजात बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत से नाराज परिजनों ने निजी अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया।

सूचना मिलते ही कोतवाली भिनगा प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच की और नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अब सवाल यह है कि प्रसूता को निजी अस्पताल ले जाने के पीछे क्या वजह थी और नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई? इन सवालों के जवाब जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments