रिपोर्ट – शुभम सिंह
बांदा। प्रिंट एंड इलेक्ट्रॉनिक जर्नलिस्ट एसोसिएशन जनपद बांदा इकाई की मासिक समीक्षा बैठक स्टेशन रोड स्थित होटल राजगृह में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय सचिव श्री के एस दुबे मुख्य अतिथि के रूप में तथा प्रदेश महासचिव श्री नंदकिशोर शिवहरे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष श्री प्रदीप सिंह ने की, जिन्होंने जनपद बांदा से आए सभी पदाधिकारियों और सदस्यों का गर्मजोशी से अभिवादन किया। समीक्षा बैठक के दौरान पत्रकारों की सुरक्षा, कार्य करने की स्वतंत्रता और संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त बनाने जैसे अहम विषयों पर गंभीर चर्चा हुई।
बैठक में ग्राउंड जीरो पर रिपोर्टिंग करते समय पत्रकारों के सामने आने वाली व्यावहारिक चुनौतियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने जनपद के कुछ अधिकारियों द्वारा कथित तौर पर जारी किए जा रहे एकतरफा और मनमाने आदेशों पर चिंता व्यक्त की तथा कहा कि ऐसे फैसलों से स्वतंत्र पत्रकारिता प्रभावित होती है। इसके साथ ही पूर्व में प्रशासन को सौंपे गए विभिन्न ज्ञापनों पर नियमित फॉलो अप लेने की आवश्यकता पर बल दिया गया। निर्णय लिया गया कि जल्द ही एक पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल गठित किया जाएगा, जो संबंधित अधिकारियों से मुलाकात कर पत्रकारों की समस्याओं को प्रमुखता से रखेगा और उत्पीड़न व समाचार संकलन में आ रही बाधाओं के त्वरित निदान की मांग करेगा।
नव वर्ष के अवसर पर संगठन के विस्तार, नवीन सदस्यता शुल्क जमा करने और पत्रकारों को कार्य कार्ड जारी करने की प्रक्रिया को गति देने पर भी सहमति बनी। जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंह ने तहसील स्तर पर लगातार बैठकें आयोजित करने और संगठन का दायरा बढ़ाने पर जोर दिया। वहीं उपस्थित पत्रकार भगत सिंह ने संगठन में एकता और सदस्य संख्या बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने सुझाव दिया कि एक समिति के माध्यम से तहसील स्तरों का निरीक्षण और सर्वेक्षण कराया जाए, जहां स्थानीय पत्रकारों के साथ बैठक कर तहसील की टीमें तैयार की जाएं। भगत सिंह ने यह भी कहा कि हर पत्रकार को अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए और अधिकारियों से लगातार फॉलो अप लेना बेहद जरूरी है, ताकि ज्ञापनों के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।
विशिष्ट अतिथि एवं प्रदेश महामंत्री नंदकिशोर शिवहरे ने संगठन के विस्तार पर बल देते हुए पदाधिकारियों और सदस्यों को अपने दायित्वों के प्रति अधिक जवाबदेह रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गठित होने वाली पांच सदस्यीय टीम अधिकारियों से मिलकर पुराने ज्ञापनों की प्रगति की समीक्षा करेगी और यह देखेगी कि उन पर क्या और कितनी कार्रवाई हुई है। वहीं मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय सचिव के एस दुबे ने सभी साथियों का अभिवादन करते हुए कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों से सतत संवाद बनाया जा रहा है और पत्रकारों के उत्पीड़न को रोकने के लिए ठोस दिशा-निर्देश जारी कराने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन पर चल रही जांच की जानकारी साझा करते हुए बांदा प्रेस क्लब के भवन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। के एस दुबे ने स्पष्ट किया कि प्रेस क्लब की बिल्डिंग मुक्त कराने को लेकर पूर्व में दिए गए ज्ञापन पर यदि प्रशासन ने शीघ्र समाधान नहीं किया, तो इस विषय को विधानसभा में उठाया जाएगा और विधानसभा के माध्यम से बांदा के अधिकारियों को बिल्डिंग मुक्त कराने के निर्देश जारी कराए जाएंगे, ताकि सभी पत्रकारों को वहां बैठक करने और एकत्र होने का लाभ मिल सके।
बैठक के अंत में संगठन की मजबूती के लिए सामूहिक रूप से आगे बढ़ने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि व राष्ट्रीय सचिव के एस दुबे, विशिष्ट अतिथि व प्रदेश महामंत्री नंदकिशोर शिवहरे तथा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह के साथ नरेंद्र सिंह तोमर, भगत सिंह, धर्मेंद्र सिंह, शुभम सिंह रघुवंशी, कामता प्रसाद सोनी, प्रमोद शुक्ला, संजय कुमार और अरविंद सहित अनेक पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।

