Homeउत्तर प्रदेशपारिवारिक जमीनी विवाद में लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, मारकुंडी पुलिस ने 6...

पारिवारिक जमीनी विवाद में लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, मारकुंडी पुलिस ने 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार

रिपोर्ट – ओमप्रकाश

चित्रकूट। चित्रकूट में जमीनी विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। खेत में जबरन जुताई का विरोध करने पहुंचे एक पक्ष पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल पंकज त्रिपाठी की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर खून से सनी छह अदद लाठियां और एक डंडा भी बरामद किया गया है।

पूरा मामला मारकुंडी थाना क्षेत्र के इटवा डुडैला गांव का है। पुलिस प्रेस नोट के मुताबिक, 21 नवंबर को गांव में पारिवारिक जमीन को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि रामबाबू पांडेय पक्ष के लोग खेत में जबरन जुताई कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर परशुराम, बुद्धिविलास, चुनवाद मिश्र और सत्येंद्र मौके पर पहुंचे और जुताई रोकने का प्रयास किया।

इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में परशुराम पक्ष के कई लोग घायल हो गए।

घटना की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी मानिकपुर पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान पंकज त्रिपाठी पुत्र अशोक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मामले में थाना मारकुंडी में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देशन में मारकुंडी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 22 नवंबर को सरभंगा नाला के पास सतना-मानिकपुर रोड से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में रामबाबू पांडेय, रीसू पांडेय, घनीराम मिश्रा, शनि मिश्रा, प्रभा और आरती शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगे छह अदद लाठी और एक डंडा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, शेष वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

फिलहाल पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर पारिवारिक जमीन के विवादों में बढ़ती हिंसा और खूनी संघर्ष पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments