रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतपाल कटारिया ने शहर की सफाई व्यवस्था, निर्माण कार्यों और नगर पालिका की ओर से खरीदी गई करोड़ों रुपये की गाड़ियों को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए मंदिर के चंदे, वोट चोरी और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर भी तीखा हमला बोला।
कटारिया ने कहा कि शहर में सफाई व्यवस्था बदहाल है। कई स्थानों पर नालियां कूड़े से अटी पड़ी हैं, जबकि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदारों की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मूलभूत कार्यों में लापरवाही के लिए जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल
शहाबुद्दीनपुर रोड से मल्लूपुरा तक चल रहे निर्माण कार्यों का हवाला देते हुए कटारिया ने गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ जगह नालियों का निर्माण सड़क के स्तर से नीचे किया जा रहा है। सरिया और आरसीसी की गुणवत्ता को लेकर भी उन्होंने सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।
करोड़ों की गाड़ियां खड़ी, उपयोग पर सवाल
नगर पालिका की ओर से खरीदी गई करोड़ों रुपये की गाड़ियों को लेकर भी कटारिया ने निशाना साधा। उनका आरोप है कि कंपनी बाग में खड़ी गाड़ियां इस्तेमाल होने के बजाय खराब हो रही हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब वाहनों की खरीद शहर की व्यवस्था सुधारने के लिए की गई थी तो उन्हें काम में क्यों नहीं लगाया जा रहा।
मंदिर के चंदे से वोट चोरी तक हमला
कटारिया ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए मंदिर के चंदे में कथित गड़बड़ी, वोट चोरी और पेपर लीक जैसे मुद्दे भी उठाए। उन्होंने कहा कि सवाल सिर्फ नगर पालिका का नहीं, बल्कि व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही का है।
2027 में जनता देगी जवाब
कटारिया ने कहा कि जनता हर मुद्दे पर नजर रख रही है और 2027 के विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी। नगर पालिका की कार्यप्रणाली को लेकर लगाए गए आरोपों से स्थानीय राजनीति गरमा गई है। अब निगाहें नगर पालिका और भाजपा की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।
