Homeउत्तर प्रदेशदीपावली पर गैस पाइपलाइन के पास पटाखे जलाए तो हो सकता है...

दीपावली पर गैस पाइपलाइन के पास पटाखे जलाए तो हो सकता है बड़ा हादसा, पूर्ति विभाग ने जारी की एडवाइजरी

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। दीपावली पर आतिशबाजी का शौक भारी पड़ सकता है। खासकर पीएनजी गैस पाइपलाइन और गैस उपकरणों के आसपास पटाखे, बम और रॉकेट जलाना बड़े हादसे का कारण बन सकता है। इसे देखते हुए जिला पूर्ति विभाग ने गैस उपभोक्ताओं और आम नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी कर सतर्कता बरतने की अपील की है।

जिला पूर्ति अधिकारी ओम हरि उपाध्याय ने बताया कि जनपद में इन्द्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) के माध्यम से पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति की जा रही है। दीपावली के दौरान आतिशबाजी और ज्वलनशील गतिविधियों से गैस पाइपलाइन व उपकरणों के आसपास आग लगने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में छोटी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि गैस पाइपलाइन के आसपास पटाखे, बम और रॉकेट न जलाएं। पाइपलाइन के नजदीक मोमबत्ती और दीपक भी न रखें। घरों में पीले रंग से पेंट की गई जीआई पाइप गैस पाइपलाइन की पहचान हैं। इनके आसपास विशेष सावधानी बरतें। गैस उपकरणों के रेगुलेटर, पाइप और क्लैंप का इस्तेमाल आतिशबाजी जलाने के लिए बिल्कुल न करें। भूमिगत गैस वाल्व चैंबर के ऊपर वाहन खड़ा करने से भी बचें।

गैस रिसाव होने पर तुरंत बंद करें आपूर्ति

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि गैस रिसाव की आशंका होने पर सुरक्षित तरीके से गैस आपूर्ति बंद करें। इसके लिए रसोई में गैस मीटर के प्रवेश द्वार पर लगे आइसोलेशन वाल्व का इस्तेमाल किया जा सकता है। गैस चूल्हे के पास स्थित उपकरण वाल्व भी बंद रखें। घर की पूरी गैस आपूर्ति रोकने के लिए रसोई के बाहर रेगुलेटर से पहले लगे वाल्व का इस्तेमाल करें।

24 घंटे सक्रिय रहेगा इमरजेंसी कंट्रोल रूम

गैस लीकेज या किसी भी आपात स्थिति में उपभोक्ता आईजीएल के मुजफ्फरनगर स्थित 24 घंटे सक्रिय इमरजेंसी कंट्रोल रूम पर तत्काल संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए विभाग ने तीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि दीपावली पर खुशियां मनाते समय गैस पाइपलाइन की सुरक्षा को नजरअंदाज न करें और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करें।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments