Homeउत्तर प्रदेशट्रांसफार्मर चोर गिरोह का पर्दाफाश, मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल समेत छह...

ट्रांसफार्मर चोर गिरोह का पर्दाफाश, मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल समेत छह गिरफ्तार

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। नई मंडी पुलिस ने ट्रांसफार्मर से तांबा और एल्युमिनियम के तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। नेशनल हाईवे-58 पर आयशर वर्कशॉप के पीछे खाली प्लॉट में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गिरोह के तीन सदस्य गोली लगने से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य को मौके से दबोच लिया गया।

पुलिस के अनुसार, पांच सितंबर को अंसल टाउन, भोपा रोड स्थित 250 केवी ट्रांसफार्मर को काटकर तार चोरी किए जाने की शिकायत मिली थी। स्टेट मैनेजर दीपेश कुमार की तहरीर पर नई मंडी थाने में विद्युत अधिनियम की धारा 136 के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने गिरोह की तलाश शुरू की।

बागोवाली चौराहे पर चेकिंग के दौरान मिला सुराग

11 सितंबर की रात नई मंडी पुलिस बागोवाली चौराहे पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि करीब एक सप्ताह पहले ट्रांसफार्मर चोरी करने वाला गिरोह एनएच-58 पर आयशर वर्कशॉप के पीछे खाली पड़े प्लॉट में किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस का दावा है कि टीम को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। चेतावनी के बावजूद फायरिंग जारी रहने पर पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। इसमें चांद उर्फ समर, दानिश और कय्यूम घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके से चेतन चौधरी, अली उर्फ इकबाल अहमद और मोनिश खान को भी गिरफ्तार किया गया।

110 किलो एल्युमिनियम तार और दो गाड़ियां बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया करीब 110 किलोग्राम एल्युमिनियम तार, वारदात में इस्तेमाल वेगनार और स्कॉर्पियो बरामद की हैं। इसके अलावा पांच तमंचे, पांच जिंदा और पांच खोखा कारतूस 315 बोर भी बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में चांद उर्फ समर, दानिश और कय्यूम के खिलाफ पहले से चोरी, बरामदगी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस गिरोह के अन्य आपराधिक मामलों और इसके नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है।

नई मंडी इंस्पेक्टर आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में कार्रवाई

पूरी कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में नई मंडी पुलिस टीम ने की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, सामूहिक आपराधिक कृत्य और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने जिले और आसपास के क्षेत्रों में ट्रांसफार्मर चोरी की कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments