रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। मोरना क्षेत्र के गांव टंढेडा में इन दिनों आवारा कुत्तों के आतंक से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। गांव में जगह-जगह आवारा कुत्तों के झुंड घूम रहे हैं और मौका मिलते ही ग्रामीणों पर हमला कर रहे हैं। कुत्तों के हमले से ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी अभिभावक चिंतित हैं।
ककरौली थाना क्षेत्र के गांव टंढेडा निवासी राशन डीलर शाहनजर पुत्र मोहम्मद कासिम पर सुबह सवेरे आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। शाहनजर ने बताया कि वह सुबह अपने घर से जंगल की ओर जा रहा था। रास्ते में अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया और भौंकना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते के काटने से उसके हाथ और पैर पर गहरे घाव हो गए। शाहनजर के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे कुत्तों से बचाया। इसके बाद घायल शाहनजर को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
ग्रामीण अली नवाज, खुशनूद, मेहंदी, मुशर्रफ, सलमान, जीशान, उस्मान और अमीर आदि ने बताया कि गांव में बड़ी संख्या में आवारा कुत्ते घूमते रहते हैं। इन कुत्तों के झुंड के कारण बच्चों का स्कूल जाना भी मुश्किल हो गया है। कुत्तों के डर से कई अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल तक छोड़ने और वापस लाने के लिए मजबूर हैं।
राशन डीलर पर हुए हमले के बाद ग्रामीणों में भय और बढ़ गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में घूम रहे आवारा कुत्तों को पकड़वाने तथा समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बच्चे या अन्य ग्रामीण के साथ गंभीर हादसा हो सकता है।
