रिपोर्ट – कबीर
मुज़फ्फरनगर। मोरना विश्व हिंदू महासंघ द्वारा महंत अवैद्यनाथ महाराज की पुण्यतिथि के अवसर पर शनिवार को शहर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। “अयोध्या हमारी हुई, अब मथुरा की बारी है” के संदेश के साथ निकाली गई यात्रा में हजारों की संख्या में महिलाओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के दौरान शहर में धार्मिक माहौल बना रहा।
कलश यात्रा का शुभारंभ अमित विहार स्थित बालक नाथ मंदिर से हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ हिंदू संघर्ष समिति के संयोजक नरेंद्र सिंह पंवार,अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद राष्ट्रीय बजरंग दल जिलाध्यक्ष देशराज चौहान,आरएसएस के वरिष्ठ पदाधिकारी नीरज शर्मा,शहीद भगत सिंह एकतायात मंच अध्यक्ष पवन मित्तल, ने किया। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं। वहीं कई महिलाएं स्कूटी पर सवार होकर यात्रा में शामिल हुईं, जबकि युवा हाथों में भगवा ध्वज लेकर आगे बढ़ते नजर आए। डीजे की धुन पर महिलाएं और युवा उत्साह के साथ झूमते हुए यात्रा में शामिल हुए।
कलश यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होती हुई कोतवाली के समीप स्थित रामलीला मैदान पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। बड़ी संख्या में महिलाओं और युवाओं की मौजूदगी से पूरे मार्ग पर उत्साह और धार्मिक वातावरण दिखाई दिया।
विश्व हिंदू महासंघ के जिला अध्यक्ष राजेश शर्मा ने बताया कि 12 सितंबर को उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में महंत अवैद्यनाथ महाराज की पुण्यतिथि के अवसर पर कलश यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में करीब 500 वर्षों के संघर्ष के बाद राम मंदिर का सपना साकार हुआ है। अब इसी संदेश के साथ मथुरा को लेकर जनजागरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “अयोध्या हमारी हुई, अब मथुरा की बारी है” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह यात्रा आयोजित की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा ने किया।
यात्रा के प्रभारी रहें जिला प्रभारी सुबोध वर्मा,जिला अध्यक्ष धर्माचार्य पंडित धर्मेंद्र मिश्रा एवं जिला संगठन मंत्री सुंदरलाल उपाध्याय, मातृशक्ति जिलाध्यक्ष पूनम गोस्वामी,जिला संयोजिका चीया राजपूत , अनु सैनी आदि मौजूद रहे।
