Homeउत्तर प्रदेशदूधली में तीन दिवसीय गोगा म्हाड़ी मेले का भव्य शुभारंभ

दूधली में तीन दिवसीय गोगा म्हाड़ी मेले का भव्य शुभारंभ

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। चरथावल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम दूधली स्थित ऐतिहासिक एवं प्राचीन जाहरवीर गोगा म्हाड़ी पर तीन दिवसीय विशाल मेले का रविवार को भव्य शुभारंभ हुआ। उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। उन्होंने म्हाड़ी पर विधिवत दर्शन-पूजन कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि दूधली की गोगा म्हाड़ी केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि क्षेत्र की लोकपरंपरा, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक है। सैकड़ों वर्षों से चली आ रही मेले की परंपरा आज भी श्रद्धा और विश्वास के साथ कायम है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी प्राचीन संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं।

उन्होंने कहा कि जाहरवीर गोगा जी के प्रति श्रद्धा केवल मुजफ्फरनगर तक सीमित नहीं है। मेले में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखंड और राजस्थान से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालु म्हाड़ी पर प्रसाद चढ़ाकर परिवार की सुख-शांति और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना करते हैं।

ग्रामीणों के अनुसार दूधली की गोगा म्हाड़ी करीब पांच सौ वर्ष पुरानी है। इससे जुड़ी लोकमान्यता के अनुसार दूधली के मजरे आलमगीरपुर निवासी एक किसान की मनोकामना पूर्ण होने पर उसने अपने घोड़े के नीले रंग के बछेरे को जाहरवीर गोगा जी को अर्पित करने का संकल्प लिया था। किसान संकल्प पूरा करने के लिए बछेरे को पैदल राजस्थान स्थित बागड़ धाम तक लेकर गया और वहां उसे गोगा जी को अर्पित किया। इसी लोकआस्था से जुड़ी परंपरा के कारण यह म्हाड़ी आज भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र बनी हुई है।

मेले के उद्घाटन के दौरान मंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था समेत अन्य इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और आयोजकों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी न रहे।

इस दौरान सदस्य महिला आयोग सपना कश्यप, बिरालसी मंडल अध्यक्ष प्रवीण राणा, चरथावल मंडल अध्यक्ष भोपाल सिंह, जिला मंत्री सुरेंद्र कश्यप, सुभाष चौहान, रामभूल पुंडीर, ग्राम प्रधान शोभित पुंडीर, बिरजपाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग, दिवाकर सोलंकी, मुकेश सोम, प्रतीक शर्मा समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। मेले के शुभारंभ पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया और जयकारों के बीच लोगों ने म्हाड़ी पर दर्शन-पूजन कर प्रसाद चढ़ाया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments