फेज-3 के तहत हर संस्थान में 100 प्रतिभागियों को मिलेगा प्रशिक्षण, 500 विद्यार्थियों की भागीदारी से होगा मेगा इवेंट
रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री स्कूल सुरक्षा कार्यक्रम फेज-3 के तहत जिले के स्कूलों और कॉलेजों में आपदा से बचाव, अग्नि सुरक्षा और प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण देने की तैयारी शुरू हो गई है। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम के प्रभावी संचालन के लिए कार्ययोजना तैयार करते हुए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। जिला स्तरीय कार्यकारी समिति की बैठक में प्रशिक्षण से लेकर प्रचार-प्रसार और मेगा इवेंट तक की रूपरेखा तय की गई।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह ने कार्यक्रम को समयबद्ध और प्रभावी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए। फेज-3 में जिले के 200 शिक्षण संस्थानों का चयन और सत्यापन किया जाएगा। इनमें 100 माध्यमिक विद्यालय, 60 निजी विद्यालय और 40 सरकारी व गैर सरकारी महाविद्यालय शामिल होंगे। चयनित संस्थानों की सूची तैयार करते समय यह ध्यान रखा जाएगा कि वे फेज-1 और फेज-2 में शामिल संस्थानों से अलग हों। निर्धारित संख्या पूरी नहीं होने पर समिति की सहमति से बेसिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों को भी शामिल किया जा सकेगा।
हर संस्थान में 100 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को प्रशिक्षण
कार्यक्रम के तहत प्रत्येक चयनित शिक्षण संस्थान में 100 प्रतिभागियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसमें छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षकों की सहभागिता भी अनिवार्य रहेगी। प्रशिक्षण के लिए तीन से चार घंटे के बैच बनाए जाएंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रशिक्षण की तिथियां व समय-सारिणी जारी करेंगे।
आग बुझाने से लेकर सीपीआर तक सीखेंगे सुरक्षा के तरीके
प्रशिक्षण केवल जानकारी देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि व्यावहारिक अभ्यास भी कराया जाएगा। अग्निशमन विभाग की टीम आग से बचाव और अग्निशमन उपकरणों के इस्तेमाल का लाइव डेमो देगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम प्राथमिक उपचार और सीपीआर का प्रशिक्षण देगी, जबकि एनसीसी की 82वीं बटालियन सुरक्षित निकासी, बचाव कार्य और मॉक ड्रिल में सहयोग करेगी।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से आपदा विशेषज्ञों, आपदा मित्रों, सिविल डिफेंस कर्मियों और आपदा प्रबंधन की जानकारी रखने वाले शिक्षकों को मास्टर ट्रेनर बनाया जाएगा। प्रशिक्षण में भूकंप के दौरान सुरक्षा, सुरक्षित स्थान तक पहुंचने, आपदा के समय बचाव और दामिनी ऐप के उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी।
500 विद्यार्थियों की भागीदारी से होगा मेगा इवेंट
कार्यक्रम के तहत जिले के किसी बड़े विद्यालय या कॉलेज में 500 विद्यार्थियों की सहभागिता से जिला स्तरीय मेगा इवेंट आयोजित किया जाएगा। इसके लिए संस्थान का चयन, आयोजन की तारीख और कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की जाएगी। आयोजन में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने की योजना है।
प्रचार के साथ तैयार होगी डिजिटल डायरी
कार्यक्रम का प्रचार स्थानीय समाचार पत्रों, न्यूज चैनलों और सोशल मीडिया के माध्यम से किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी जिला सूचना अधिकारी को सौंपी गई है। प्रत्येक संस्थान से प्रशिक्षण में शामिल छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की उपस्थिति, मोबाइल नंबर व फोटो एकत्र किए जाएंगे। सभी जानकारियों को पीडीएफ और एक्सेल फॉर्मेट में संकलित कर डिजिटल डायरी तैयार की जाएगी।
बैठक में एसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा, जिला विद्यालय निरीक्षक हरिकेश यादव, मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग कुमार, जिला सूचना अधिकारी नर सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, विजय कुमार यादव समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

