रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। महिला थाना परिसर में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायतों की मौके पर निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक अपराध ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर जांच करने और शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने विशेष रूप से महिला अपराध से जुड़ी शिकायतों की जांच प्राथमिकता के आधार पर करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों से शिकायतकर्ता की समस्या को समझकर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
समाधान दिवस में मौजूद लोगों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने समेत साइबर ठगी से बचने के उपाय बताए।
