रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। नारी शक्ति मिशन के अंतर्गत श्रीराम कॉलेज के शिक्षक शिक्षा संकाय में मेंहदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों की करीब 50 छात्राओं ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। छात्राओं ने अपने हाथों पर आकर्षक और कलात्मक मेंहदी डिजाइन उकेरकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में शिक्षक शिक्षा विभाग, कम्प्यूटर एप्लीकेशन, बीबीए, बेसिक साइंस, कृषि विज्ञान और ललित कला विभाग की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। किसी ने पारंपरिक तो किसी ने आधुनिक डिजाइनों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में छात्राओं के बीच बेहतर डिजाइन बनाने को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि कॉलेज की प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल रहीं। निर्णायक मंडल में बेसिक साइंस विभाग की डीन डॉ. पूजा तोमर और गृह विज्ञान विभाग की डीन डॉ. श्वेता राठी शामिल रहीं। निर्णायक मंडल ने मेंहदी की बारीकी, डिजाइन और रचनात्मकता के आधार पर विजेताओं का चयन किया।
प्रतियोगिता में बीएड की बिट्टू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर बीएससी (पीसीएम) की प्रिया शर्मा और बीबीए की नसरा नूर रहीं। तृतीय स्थान डीएलएड की अवनी शर्मा और बीएससी माइक्रोबायोलॉजी की नाजीश ने हासिल किया। सांत्वना पुरस्कार बीबीए की अंजाना, बीसीए की नीलोफर रानी, बीएड की चारू, एमएड की युक्ता और बीबीए की समायशा को प्रदान किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल ने विजेता छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि सभी प्रतिभागियों ने आकर्षक और मनमोहक मेंहदी डिजाइन बनाए। इस तरह की प्रतियोगिताएं छात्राओं के छिपे हुनर को मंच प्रदान करती हैं और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाती हैं।
गृह विज्ञान विभाग की डीन डॉ. श्वेता राठी और बेसिक साइंस विभाग की डीन डॉ. पूजा तोमर ने भी छात्राओं के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि छात्राओं ने मेहनत और रचनात्मकता के साथ अपनी कला का प्रदर्शन किया। भारतीय संस्कृति में मेंहदी का विशेष महत्व है। इसे त्योहारों और शुभ अवसरों पर लगाने की परंपरा रही है तथा इसे स्वास्थ्य और समृद्धि का प्रतीक भी माना जाता है।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग की प्रवक्ता डॉ. विधि सिंह, रीतु गर्ग, सपना सिंघल और भारती त्यागी सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।
