रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। नई मंडी थाना क्षेत्र में रथेड़ी कट के पास शनिवार देर रात पुलिस और गौकशी के आरोपी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर मुकीम उर्फ भूरा घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी वर्ष 2013 से न्यायालय से जारी वारंट में फरार चल रहा था। वह सिखेड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है।
पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर की रात नई मंडी पुलिस रथेड़ी कट पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गौकशी का आरोपी मोटरसाइकिल से किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने चेकिंग तेज कर दी। कुछ देर बाद नसीरपुर की ओर से बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार ने रुकने के बजाय मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर तेज मोड़ के पास मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद आरोपी बाइक छोड़कर ईख के खेत में घुस गया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, बदमाश की गोलीबारी में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद आरोपी ने फायरिंग जारी रखी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुकीम उर्फ भूरा घायल हो गया।
तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद
पुलिस ने घायल आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सिखेड़ा थाने का हिस्ट्रीशीटर है आरोपी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मुकीम उर्फ भूरा पुत्र शकील निवासी निराना थाना सिखेड़ा का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ चोरी, मारपीट, पशु क्रूरता अधिनियम, जानलेवा हमले, शस्त्र अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में सात मुकदमे दर्ज हैं। उसका हिस्ट्रीशीट नंबर 16ए है। पुलिस अन्य आपराधिक मामलों की भी जानकारी जुटा रही है।
13 साल से न्यायालय में पेश नहीं हुआ था आरोपी
इस गिरफ्तारी की अहम बात यह है कि आरोपी वर्ष 2013 से न्यायालय से जारी वारंट में फरार चल रहा था। करीब 13 साल से पुलिस और न्यायिक प्रक्रिया की पकड़ से बाहर चल रहे आरोपी को नई मंडी पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है।
प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्र के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक संदीप चौधरी, संदीप कुमार, शेखर कंडपाल समेत पुलिस टीम के दस सदस्य शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
