रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों में मरीजों को मिल रही सुविधाओं की हकीकत परखने के लिए रविवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने जिले के छह स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपस्थिति से लेकर दवाओं की उपलब्धता, जांच और उपचार की व्यवस्थाओं को परखा। सीएमओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं देने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोरना, भोकरहेड़ी, जटमुझेड़ा, सिकंदरपुर, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरवट और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोपा का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचकर मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया और व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की उपस्थिति, दवाओं के स्टॉक, मरीजों की जांच और उपचार की स्थिति देखी। साथ ही यह भी परखा कि स्वास्थ्य मेलों में पहुंचने वाले लोगों को एक ही स्थान पर प्राथमिक उपचार, आवश्यक जांच और चिकित्सकीय परामर्श मिल रहा है या नहीं।
डॉ. सुनील तेवतिया ने चिकित्सा अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का लाभ ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए। मरीजों को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें समय पर दवाएं व उपचार उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई, चिकित्सा उपकरणों और दवाओं के उचित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा। सीएमओ ने दो टूक निर्देश दिए कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। मरीजों के प्रति संवेदनशीलता बरतते हुए सभी कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करें।
