रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। कोतवाली नगर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 5 किलो 550 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत पहले से चार मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में 31 अक्तूबर को कोतवाली नगर पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चरथावल-न्याजूपुरा मार्ग पर काली नदी पुल के पास न्याजूपुरा की ओर से आ रहे दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 5 किलो 550 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खालापार थाना क्षेत्र के खादरवाला निवासी अब्दुल मन्नान (29) पुत्र सरफराज और कस्सावान निवासी जावेद उर्फ अल्लू (25) पुत्र इकराम के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कोतवाली नगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
जावेद पर पहले से दर्ज हैं चार मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार जावेद उर्फ अल्लू का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2016 में जानसठ थाने में आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हुए थे। इसके अलावा वर्ष 2017 और 2023 में कोतवाली नगर में आर्म्स एक्ट के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं। गांजा बरामदगी के मामले को मिलाकर उसके खिलाफ कुल पांच मुकदमों का रिकॉर्ड सामने आया है।
तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब दोनों आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज खंगाल रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किन लोगों तक की जानी थी। मामले में पुलिस की अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
यह रही गिरफ्तारी करने वाली टीम
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शशि कपूर, कांस्टेबल नवीन सैनी, सुल्तान सिंह और अश्विन आर्य शामिल रहे।
