रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। शाहपुर कस्बे में शॉपिंग मॉल के पास अकेली घूमती मिली ढाई साल की मासूम बच्ची को मिशन शक्ति टीम ने सकुशल तलाश कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्ची के परिवार से बिछड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उसे सुरक्षित रखते हुए परिजनों की तलाश शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को थाना शाहपुर क्षेत्र के कस्बे में शॉपिंग मॉल के पास ढाई वर्षीय बच्ची अकेली घूमती हुई मिली। मिशन शक्ति टीम की नजर बच्ची पर पड़ी तो उसे सुरक्षा के लिहाज से अपने पास ले आई। पुलिसकर्मियों ने बच्ची से उसका नाम और घर का पता जानने का प्रयास किया, लेकिन कम उम्र होने के कारण वह कुछ बता नहीं सकी।
इसके बाद मिशन शक्ति टीम ने बच्ची के परिजनों की तलाश के लिए प्रयास तेज किए। काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम बच्ची की मां तक पहुंचने में सफल रही। मां के मिलने पर बच्ची को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
लंबे इंतजार और तलाश के बाद मासूम को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली। परिजनों ने मुजफ्फरनगर पुलिस और मिशन शक्ति टीम थाना शाहपुर का आभार जताया। पुलिस टीम की तत्परता से ढाई साल की बच्ची अपने परिवार से दोबारा मिल सकी।
