रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। शादी के बाद रिश्तों में बेहतर तालमेल, आपसी समझ और संवाद की कमी से पैदा होने वाली समस्याओं को रोकने के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग ने अनूठी पहल की है। इसी कड़ी में मुजफ्फरनगर में विवाह पूर्व संवाद केंद्र ‘तेरे मेरे सपने’ का शुभारंभ किया गया। इस केंद्र के माध्यम से विवाह करने जा रहे युवक-युवतियों को शादी से पहले वैवाहिक जीवन की जिम्मेदारियों, आपसी समझ और भावनात्मक जुड़ाव के प्रति जागरूक किया जाएगा।
23 नवंबर को सखी वन स्टॉप सेंटर परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य महिला आयोग की सदस्य सपना कश्यप ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। राष्ट्रीय महिला आयोग की पहल के तहत स्थापित प्री-मैरिटल काउंसलिंग एवं कम्युनिकेशन सेंटर का उद्देश्य युवाओं को विवाह के लिए केवल सामाजिक ही नहीं, बल्कि मानसिक और भावनात्मक रूप से भी तैयार करना है।
वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रबंधक पूजा नरूला ने बताया कि केंद्र पर विवाह की योजना बना रहे युवक-युवतियों को शादी से पहले कई महत्वपूर्ण विषयों पर खुलकर बातचीत करने का अवसर मिलेगा। इसमें करियर, आर्थिक प्रबंधन, व्यक्तिगत मूल्य, पारिवारिक जिम्मेदारियां और वैवाहिक जीवन में आपसी तालमेल जैसे विषय शामिल हैं। इसका उद्देश्य विवाह से पहले दोनों पक्षों के बीच बेहतर समझ विकसित करना है, ताकि भविष्य में रिश्तों में अनावश्यक तनाव और विवाद की स्थिति न बने।
बाल कल्याण समिति के सदस्य राजीव कुमार ने कहा कि विवाह पूर्व संवाद केंद्र के माध्यम से युवाओं को रिश्तों की अहमियत, आपसी सम्मान और संवाद का महत्व समझाया जाएगा। शादी से पहले एक-दूसरे की अपेक्षाओं और जिम्मेदारियों को समझने से वैवाहिक जीवन की मजबूत नींव रखी जा सकेगी।
जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी प्रीति चाहल, संरक्षण अधिकारी नीना त्यागी, जिला बाल संरक्षण इकाई के प्रतिनिधि, हब फॉर वूमेन इंपावरमेंट के जेंडर स्पेशलिस्ट शिवम कुमार, जिला अस्पताल के चिकित्सक सचिन जैन सहित वन स्टॉप सेंटर के कर्मचारी मौजूद रहे।

