रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। विश्वकर्मा जयंती और सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को विकास भवन में कारीगरों और लाभार्थियों के लिए टूलकिट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हुनरमंद कारीगरों को काम के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के साथ स्वरोजगार को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 के तहत रोजगार एवं प्रशिक्षण से जुड़े लाभार्थियों को प्रोत्साहित किया गया। हलवाई, बढ़ई और दर्जी वर्ग के लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की गईं। इसके साथ मुख्यमंत्री उद्यमी विकास अभियान योजना समेत अन्य संचालित योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी दिए गए।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और विश्वकर्मा जयंती का यह अवसर हुनरमंद कारीगरों के सम्मान और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पात्र लोगों को आर्थिक और सामाजिक रूप से आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विभिन्न क्षेत्रों में लगातार प्रगति कर रहा है और वर्ष 2047 तक भारत को फिर से विश्व गुरु बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। राज्यमंत्री ने जनपदवासियों से प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर शाम को अपने-अपने घरों में दीपक जलाकर उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करने की अपील भी की।
कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के डॉ. राजीव कुमार ने किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, उपायुक्त उद्योग जैस्मिन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, स्थानीय हस्तशिल्पी, कारीगर और बड़ी संख्या में लाभार्थी मौजूद रहे।
