Homeउत्तर प्रदेशयोगमय हुआ मुजफ्फरनगर, अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह-2026 का भव्य शुभारंभ

योगमय हुआ मुजफ्फरनगर, अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह-2026 का भव्य शुभारंभ

रिपोर्ट कबीर जिला ब्यूरो

मुजफ्फरनगर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व जनपद में योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” थीम पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, योग प्रशिक्षकों और सैकड़ों योग प्रेमियों ने सहभागिता करते हुए योग को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर निकाली गई योग जागरूकता रैली पूरे शहर में आकर्षण का केंद्र रही।

कमला नेहरू वाटिका में आयोजित समारोह का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान की विधियों की जानकारी देते हुए नियमित योगाभ्यास के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में नन्ही योग साधक आराध्या की मनमोहक योग प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। उनकी प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि बदलती जीवनशैली और बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के बीच योग ही स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम है। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य सांस्कृतिक विरासत है, जो शरीर, मन और आत्मा को स्वस्थ रखने की अद्भुत क्षमता रखती है।

वहीं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से जीवन की गुणवत्ता में सुधार आता है और व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से अधिक स्वस्थ रहता है।

क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. इसमपाल ने बताया कि आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य आयोजन चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम, मेरठ रोड पर सुबह सात बजे आयोजित किया जाएगा। इसके लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के समापन पर “हर घर योगा, हर घर होगा” के संदेश के साथ योग जागरूकता मार्च निकाला गया। जिला पंचायत अध्यक्ष और नगर पालिका अध्यक्ष ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। अधिकारियों, कर्मचारियों, योग साधकों और नागरिकों ने मीनाक्षी चौक तक मार्च निकालकर लोगों को योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

योग सप्ताह के शुभारंभ के साथ ही जनपद में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को लेकर उत्साह का माहौल है। आगामी दिनों में विभिन्न स्थानों पर योग शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम और विशेष योग सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments