रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी थाना क्षेत्र के ग्राम गोधना में मोबाइल टावर से लीथियम बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई दो लीथियम बैटरी बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों में दो मुजफ्फरनगर और दो सहारनपुर जिले के निवासी हैं।
थानाध्यक्ष मानवेन्द्र भाटी के नेतृत्व में पुरकाजी पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, 11 नवंबर को इंडस भारती मोबाइल टावर कंपनी के एरिया मैनेजर विनय कुमार ने ग्राम गोधना स्थित मोबाइल टावर से लीथियम बैटरी चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
शुक्रवार 13 नवंबर को पुलिस टीम ने गोधना गांव के जंगल से कैंपा जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही और कब्जे से चोरी की गई दो लीथियम बैटरी बरामद हुईं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनीत निवासी बचन सिंह कॉलोनी थाना नई मंडी, अंकित निवासी गांव मखियाली थाना नई मंडी, अमित निवासी विनोद विहार थाना सदर सहारनपुर और अब्दुल रहमान निवासी दुधली बुखारा थाना कोतवाली देहात सहारनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमे में धारा 303(2) और 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विक्रम वीरेन्द्र सिंह, दीपक कुमार, हेड कांस्टेबल गौरव राणा तथा कांस्टेबल बोबिन्दर सिंह, बबलू कुमार और अमित कुमार शामिल रहे।

