रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे के बीच मुजफ्फरनगर पुलिस ने विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा का पाठ पढ़ाया। श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेज में आयोजित साइबर जागरूकता कार्यशाला में विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी, बैंकिंग धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के जरिए होने वाले अपराधों से बचाव के तरीके बताए। खास बात यह रही कि कार्यशाला का यूट्यूब के माध्यम से लाइव प्रसारण किया गया, जिसे जिले के 200 से अधिक विद्यालयों में दिखाया गया। इस अभियान के जरिए 70 हजार से अधिक विद्यार्थी जागरूक हुए।
एसएसपी सूरज कुमार राय के निर्देशन में आयोजित कार्यशाला में साइबर एक्सपर्ट रक्षित टंडन, एसपी क्राइम इंदु सिद्धार्थ, साइबर क्राइम थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह और साइबर कमांडो उपनिरीक्षक सचिन धामा ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों की बारीकियां समझाईं। विशेषज्ञों ने बताया कि इंटरनेट, सोशल मीडिया, ऑनलाइन बैंकिंग और डिजिटल भुगतान के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर ठगी के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। साइबर अपराधी फर्जी कॉल, मैसेज, लिंक और आकर्षक ऑफर के जरिए लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं।
कार्यशाला में डिजिटल अरेस्ट के नाम पर होने वाली ठगी को लेकर विशेष रूप से आगाह किया गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि साइबर ठग पुलिस या सरकारी एजेंसी का अधिकारी बनकर वीडियो कॉल करते हैं और गिरफ्तारी का डर दिखाकर रुपये ऐंठने का प्रयास करते हैं। ऐसे किसी भी कॉल से घबराने के बजाय उसकी सत्यता की जांच करनी चाहिए।
बैंकिंग धोखाधड़ी के संबंध में विद्यार्थियों को ओटीपी, एटीएम पिन और सीवीवी जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई। फिशिंग लिंक, फर्जी वेबसाइट और अनजान नंबरों से आने वाले संदिग्ध संदेशों से भी सतर्क रहने को कहा गया।
सोशल मीडिया सुरक्षा पर चर्चा करते हुए विशेषज्ञों ने मजबूत पासवर्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन और प्राइवेसी सेटिंग का इस्तेमाल करने पर जोर दिया। विद्यार्थियों को आगाह किया गया कि सोशल मीडिया पर निजी फोटो, मोबाइल नंबर और अन्य संवेदनशील जानकारियां साझा करने से बचें। इसके अलावा फर्जी निवेश योजनाओं, घर बैठे नौकरी के झांसे और ऑनलाइन जॉब फ्रॉड के तरीकों से भी अवगत कराया गया।
साइबर बुलिंग और ऑनलाइन उत्पीड़न के मामलों में चुप रहने के बजाय उचित माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। विशेषज्ञों ने बताया कि साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते शिकायत मिलने पर ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर होने से रोकने में मदद मिल सकती है।
200 स्कूलों तक पहुंचा जागरूकता अभियान
कार्यशाला का लाइव प्रसारण जिले के 200 से अधिक विद्यालयों में किया गया। इसके माध्यम से 70 हजार से अधिक विद्यार्थियों और शिक्षकों तक साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां पहुंचीं। मुजफ्फरनगर पुलिस ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे खुद डिजिटल सुरक्षा के नियमों का पालन करें और अपने परिवार व परिचितों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें। कार्यशाला में श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेज के शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

