Homeउत्तर प्रदेशममता त्यागी बनीं महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष, 13 सितंबर से हरिद्वार-दिल्ली...

ममता त्यागी बनीं महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष, 13 सितंबर से हरिद्वार-दिल्ली पैदल मार्च

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय त्यागी भूमिहार महासभा ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ममता त्यागी को महिला मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। गुरुवार दोपहर कच्ची सड़क स्थित उनके आवास पर हुई बैठक में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षु त्यागी ने उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपा। नई जिम्मेदारी मिलते ही ममता त्यागी ने अधिक से अधिक महिलाओं को संगठन से जोड़ने और महिला हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने का संकल्प लिया।

नियुक्ति के बाद ममता त्यागी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षु त्यागी समेत महासभा के पदाधिकारियों का पगड़ी पहनाकर और फूल-मालाओं से स्वागत किया। बैठक में महिला मोर्चे को गांव-गांव तक सक्रिय करने और समाज की महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से महासभा के सामाजिक कार्यों को नई मजबूती मिलेगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षु त्यागी ने कहा कि संगठन लगातार विस्तार की दिशा में काम कर रहा है। महिला मोर्चे को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी ममता त्यागी को दी गई है। उम्मीद है कि वह महिलाओं और बेटियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए संगठन को धरातल पर मजबूत करेंगी।

पारिवारिक विवादों को बातचीत से सुलझाने पर जोर

ममता त्यागी ने कहा कि महिला मोर्चे की राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी उनके लिए केवल पद नहीं, बल्कि समाज की महिलाओं और बेटियों के हित में काम करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि उनका विशेष ध्यान पारिवारिक विवादों से परेशान महिलाओं और बेटियों पर रहेगा।

उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में परिवारों के बीच संवाद स्थापित कर विवादों को आपसी बातचीत और समझौते से सुलझाने का प्रयास किया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि अनावश्यक रूप से बढ़ रहे पारिवारिक विवादों का समाधान बातचीत के जरिए हो और महिलाओं को सम्मान के साथ न्याय मिल सके। महिलाओं से जुड़े अन्य मामलों में भी संगठन की भूमिका को प्रभावी बनाया जाएगा।

13 सितंबर से हरिद्वार से दिल्ली तक पैदल मार्च

बैठक में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षु त्यागी ने 13 सितंबर से हरिद्वार से दिल्ली तक पैदल मार्च निकालने की घोषणा की। महासभा के मुताबिक, यह मार्च यूजीसी कानून और आरक्षण के विरोध में निकाला जाएगा। बैठक में मार्च की तैयारियों और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की रणनीति पर चर्चा हुई। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मार्च को सफल बनाने के लिए सहयोग का भरोसा दिया।

बैठक के अंत में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ममता त्यागी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान हरिओम त्यागी, सोनिया सैनी, सीताराम त्यागी, सोनू त्यागी, काला प्रधान और राहुल शर्मा समेत महासभा के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments