Homeउत्तर प्रदेशसोशल मीडिया की अफवाहों से रहें दूर, सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी...

सोशल मीडिया की अफवाहों से रहें दूर, सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जिले में शांति और सौहार्द बनाए रखने को लेकर पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने सिविल लाइन क्षेत्र स्थित महमूदिया मदरसे में धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों के साथ पीस कमेटी की बैठक की। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा कायम रखने और किसी भी अफवाह पर भरोसा न करने की अपील की।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर ने कहा कि सभी लोग एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने असामाजिक तत्वों और साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर नजर रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।

उन्होंने सोशल मीडिया को लेकर भी लोगों को सतर्क किया। कहा कि बिना पुष्टि किसी खबर या अफवाह को आगे न बढ़ाएं। धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली, भड़काऊ, गलत या अशोभनीय पोस्ट साझा करने से बचें। अफवाह सामने आने पर उसकी पुष्टि पुलिस के उच्चाधिकारियों से की जाए।

अमृत जैन ने स्पष्ट किया कि पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रख रही है। भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को शांति, सद्भाव और भाईचारे के लिए जागरूक करने की अपील की।

बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर सिद्धार्थ के. मिश्रा समेत पुलिस के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments