Homeउत्तर प्रदेशट्यूबवेल से चोरी मोटर और तार बरामद, जेल में बंद आरोपी को...

ट्यूबवेल से चोरी मोटर और तार बरामद, जेल में बंद आरोपी को पीसीआर पर लाई चरथावल पुलिस

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के गांव कान्हाहेड़ी में ट्यूबवेल से बिजली की मोटर और तार चोरी करने के मामले में पुलिस ने जेल में बंद आरोपी को पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) पर लेकर उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी राकिब उर्फ सादा की निशानदेही पर जंगल में ईख के खेत के पास झाड़ियों से 10 किलोवाट की विद्युत मोटर और दो बिजली के तार बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।

पुलिस के अनुसार, नौ सितंबर 2026 को गांव कान्हाहेड़ी निवासी अरुण कुमार ने थाना चरथावल में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनकी 10 किलोवाट की बिजली मोटर और तार चोरी कर लिए। इसके अलावा पड़ोसी प्रदीप कुमार की ट्यूबवेल के कमरे का ताला तोड़कर वहां से भी बिजली के तार चोरी किए गए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन के आधार पर राकिब उर्फ सादा पुत्र शहीद निवासी मोहल्ला इकराम, थाना रामपुर मनिहारान, सहारनपुर का नाम सामने आया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी सहारनपुर के थाना बड़गांव में दर्ज एक अन्य मुकदमे में जिला कारागार देवबंद में बंद था। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से उसकी पीसीआर स्वीकृत कराई।

ईख के खेत के पास झाड़ियों में छिपाया था सामान

पुलिस ने 29 अक्तूबर को आरोपी को पीसीआर पर लेकर पूछताछ की। इसके बाद उसकी निशानदेही पर कान्हाहेड़ी के जंगल में ईख के खेत के पास झाड़ियों से एक विद्युत मोटर, जिसकी क्षमता 10 किलोवाट है, और छह एमएम के दो काले बिजली के तार बरामद किए। दोनों तारों की लंबाई करीब दो-दो मीटर बताई गई है। पुलिस ने बरामदगी को विवेचना में शामिल करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

आपराधिक इतिहास में हत्या समेत कई मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार, आरोपी राकिब उर्फ सादा का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ सहारनपुर जनपद के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी का माल रखने, आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में रामपुर मनिहारान थाने में हत्या, साक्ष्य मिटाने और आपराधिक साजिश से संबंधित धाराओं में दर्ज वर्ष 2017 का मुकदमा भी शामिल है। इसके अतिरिक्त ननौता, बेहट, देवबंद, गागलहेड़ी और बड़गांव थानों में भी उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका

कार्रवाई थाना प्रभारी चरथावल के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विशाल राठी, कांस्टेबल सतीश मलिक, राहुल और सोनू चेतीवाल शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments