रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। त्योहारों के सीजन में अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ भोपा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने थाना क्षेत्र स्थित एक गोदाम से 33 कार्टन में रखे करीब 500 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। मामले में विस्फोटक अधिनियम के तहत दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोपा कस्बे की बर्तन वाली गली निवासी श्रवण शर्मा और मोरना निवासी देव कोशिक के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर बरामदगी के संबंध में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
दो मुकदमे दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
भोपा थाने में दोनों आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9बी(1)(बी) के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब बरामद पटाखों के भंडारण से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में कार्रवाई
थाना प्रभारी आशुतोष सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में उपनिरीक्षक पिंटू चौधरी, मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल आदित्य चौधरी व सुशील कुमार तथा कांस्टेबल नरेंद्र कुमार, प्रवीण कुमार, दलेल यादव और अनुपम यादव शामिल रहे।
