रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। सर्कुलर रोड स्थित रेशु प्रांगण में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में चोरों ने श्रद्धालु महिलाओं को निशाना बना लिया। कथा श्रवण और कलश यात्रा के दौरान भीड़ का फायदा उठाकर तीन महिलाओं के गले से सोने की चेन और डायमंड पेंडेंट चोरी कर लिए गए। एक ही आयोजन में तीन महिलाओं के आभूषण गायब होने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद लोगों ने संदिग्ध महिलाओं की तलाश शुरू की और शक के आधार पर पांच महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 13 से 20 नवंबर तक आयोजित कथा में शामिल होने गाजियाबाद निवासी राजबाला गोयल पहुंची थीं। उन्होंने बताया कि वह प्लेट लेकर कचोरी-सब्जी लेने गई थीं। इसी दौरान पीछे से आई एक महिला ने उनके कंधे पर हाथ रखा और अपनी प्लेट आगे कर दी। उस समय उन्हें कुछ शक हुआ, लेकिन भीड़ के बीच वह कुछ समझ नहीं पाईं। बाद में गले पर हाथ लगाया तो एक तोले की सोने की चेन और एक तोले का डायमंड पेंडेंट गायब मिला।
इसी तरह अलीगढ़ निवासी मीरा अग्रवाल के गले से करीब डेढ़ तोले की सोने की चेन और हैवी डायमंड पेंडेंट चोरी कर लिया गया। मुजफ्फरनगर निवासी रीना की ढाई तोले की सोने की चेन और लॉकेट भी गायब मिला। तीनों महिलाओं के आभूषण चोरी होने की जानकारी मिलते ही कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
लोगों ने अपने स्तर से संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान शक के आधार पर पांच महिलाओं को पकड़ लिया गया। सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ सिटी सिद्धार्थ कुमार मिश्रा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ित महिलाओं और मौजूद लोगों से जानकारी ली। पुलिस पांचों महिलाओं को थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। बताया गया कि पूछताछ में महिलाओं ने खुद को अलग-अलग शहरों का निवासी बताया है।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
घटना के बाद पीड़ित महिलाओं ने धार्मिक आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, लेकिन आयोजन स्थल पर सीसीटीवी कैमरों और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आए। महिलाओं ने सवाल उठाया कि इतनी भीड़ वाले कार्यक्रम में सुरक्षा की जिम्मेदारी को लेकर गंभीरता क्यों नहीं दिखाई गई। फिलहाल पुलिस पकड़ी गई पांचों महिलाओं से पूछताछ कर रही है। चोरी गए आभूषणों की बरामदगी और घटना में उनकी भूमिका की जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।

