रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। पुलिस परिवार के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और करियर निर्माण की दिशा में वामा सारथी ने एक और पहल की है। वामा सारथी, जनपद मुजफ्फरनगर की अध्यक्ष डाॅ. नीलम राय वर्मा और पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ के विशेष प्रयासों से आकाश इंस्टीट्यूट मुजफ्फरनगर ने रिजर्व पुलिस लाइन स्थित पुलिस लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई। इससे पुलिस परिवार के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए लाइब्रेरी में ही उपयोगी संसाधन मिल सकेंगे।
कार्यक्रम में कक्षा नौ से 12 तक के छात्र-छात्राओं को उनकी रुचि, क्षमता और भविष्य की संभावनाओं के अनुसार करियर विकल्पों की जानकारी दी गई। बच्चों को IIT-JEE, NEET, NDA समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के तौर-तरीकों, रणनीति और नियमित अध्ययन के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया।
आकाश इंस्टीट्यूट के मैनेजर शाहनवाज अहमद, एकेडमिक काउंसलर नितिन कुमार और उनकी टीम ने बच्चों को करियर संबंधी मार्गदर्शन देने के साथ पुलिस लाइब्रेरी के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें एवं अन्य अध्ययन सामग्री भेंट की।
इस दौरान डाॅ. नीलम राय वर्मा ने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर पूरी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, “आप मेहनत कीजिए, किताबों की कमी नहीं होने दी जाएगी।” उन्होंने बच्चों को भरोसा दिलाया कि पढ़ाई या प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए किसी अन्य पुस्तक अथवा अध्ययन सामग्री की जरूरत होगी तो उसे भी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि सफलता के लिए नियमित अध्ययन, अनुशासन और निरंतर मेहनत जरूरी है। उन्होंने बच्चों से अपनी रुचि के अनुसार लक्ष्य तय कर पूरे समर्पण के साथ उसकी तैयारी करने का आह्वान किया।
वामा सारथी की इस पहल से पुलिस परिवार के बच्चों को एक ही स्थान पर प्रतियोगी परीक्षाओं की उपयोगी किताबें, अध्ययन सामग्री और करियर संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध होगा। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों के शैक्षिक, सामाजिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।
