Homeउत्तर प्रदेशनवरात्रि पर खाद्य विभाग की छापेमारी, 480 किलो दूषित कुट्टू का आटा...

नवरात्रि पर खाद्य विभाग की छापेमारी, 480 किलो दूषित कुट्टू का आटा नष्ट कराया, फूड पॉइजनिंग की शिकायत पर कार्रवाई, जांच के लिए कुट्टू के आटे समेत खाद्य पदार्थों के 7 नमूने भेजे गए

रिपोर्ट – शारिक खान

रामपुर। नवरात्रि पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने और लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी श्री अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष छापामार अभियान चलाया।
फूड पॉइजनिंग की शिकायत के क्रम में की गई कार्रवाई के दौरान करीब 480 किलोग्राम संदिग्ध कुट्टू का आटा बरामद कर नियमानुसार नष्ट कराया गया। इसकी अनुमानित कीमत 48 हजार रुपये बताई गई है। मामले में अब तक विभिन्न कारोबारियों से कुल सात नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं सहायक आयुक्त (खाद्य) के अतिरिक्त प्रभार संजीव सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में सामने आया कि रामपुर के व्यापारी प्रमोद कुमार गुप्ता ने गाजियाबाद की दो फर्मों से कुल 08 क्विंटल साबुत कुट्टू खरीदा था। इसे बिलासपुर रोड स्थित गजराम चक्की से पिसवाकर पैकेट तैयार कराए गए और रामपुर के विभिन्न किराना प्रतिष्ठानों पर बिक्री के लिए भेजे गए।
जांच के दौरान संबंधित कारोबारी से कुट्टू के आटे के दो नमूने लिए गए। खाद्य पंजीकरण नहीं होने का मामला भी सामने आया। विभिन्न दुकानों पर छिपाकर रखे गए करीब 480 किलोग्राम संदिग्ध कुट्टू के आटे को वापस मंगवाकर बिलासपुर रोड स्थित डंपिंग ग्राउंड पर नियमानुसार नष्ट कराया गया।
अभियान के दौरान मिस्टन गंज स्थित एसके ट्रेडर्स से साबूदाना, मयूर ब्रांड कुट्टू का आटा और कुट्टू मींग के एक-एक नमूने लिए गए। भगत जी किराना स्टोर से साबूदाना तथा स्टेशन रोड के सामने स्थित दशमेश किराना स्टोर से सिंघाड़े के आटे का नमूना भी संग्रहित किया गया। अखाद्य पदार्थ केमिकल की बिक्री का मामला सामने आने पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

उपभोक्ताओं से सावधानी बरतने की अपील
खाद्य सुरक्षा विभाग ने नवरात्रि व्रत रखने वाले लोगों से अपील की है कि खुले में पिसे कुट्टू के आटे की खरीद और इस्तेमाल से बचें। आटा खरीदते समय सीलबंद पैकेट, पैकिंग तिथि, अवसान तिथि और निर्माता का पूरा पता अवश्य जांच लें। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार, अशोक कुमार, देवकान्त और शहाबुद्दीन दोस्त शामिल रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments