श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, नदी घाटों पर विशेष निगरानी और भीड़ नियंत्रण के लिए पुलिस बल मुस्तैद
रिपोर्ट – ओमप्रकाश
चित्रकूट। चित्रकूट में दीपावली अमावस्या मेले को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकांत राय ने रामघाट और परिक्रमा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा, यातायात एवं भीड़ नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
दीपावली अमावस्या मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चित्रकूट पुलिस सतर्क है। 7 नवंबर को अपर पुलिस अधीक्षक पीयूषकांत राय ने रामघाट और परिक्रमा मार्ग क्षेत्र का भ्रमण कर बैरिकेडिंग, पुलिस ड्यूटी प्वाइंट और भीड़ नियंत्रण व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
मंदाकिनी नदी के घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने, पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
वहीं महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पैदल गश्त और जरूरत के मुताबिक रूट डायवर्जन पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
दीपावली अमावस्या मेले को सकुशल संपन्न कराने के लिए चित्रकूट पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए है।
