रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। करनाल के मधुबन पुलिस परिसर में आयोजित 75वीं अखिल भारतीय पुलिस रेसलिंग क्लस्टर-2026 की बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश पुलिस के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया। टीम ने चार स्वर्ण और पांच रजत पदक जीतकर पुरुष वर्ग की विजेता ट्रॉफी अपने नाम की। यूपी पुलिस ने कुल 340 अंक अर्जित किए।
प्रतियोगिता 23 से 27 सितंबर तक आयोजित हुई, जिसमें देशभर की पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की टीमों ने हिस्सा लिया। बॉडीबिल्डिंग के अलावा आर्म रेसलिंग, बॉक्सिंग और कुश्ती के मुकाबले भी हुए।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने खिलाड़ियों और कोच से मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और खेल भावना की सराहना करते हुए बधाई दी। एसएसपी ने खिलाड़ियों को कैश रिवार्ड देकर सम्मानित किया और आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी ने कहा कि पुलिसिंग की जिम्मेदारियों के साथ खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना सराहनीय है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से उत्तर प्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ा है। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे भी इसी लगन और समर्पण के साथ प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
