रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। पुरकाजी ब्लॉक के ग्राम तुगलपुर कम्हेड़ा स्थित गौशाला का स्थलीय निरीक्षण कर गोवंश के रखरखाव, साफ-सफाई, चारे और सर्दी से बचाव के इंतजामों का जायजा लिया गया। गौशाला में वर्तमान में 3217 गोवंश संरक्षित हैं। ठंड से बचाव के लिए गौशाला में पर्दे लगाने का कार्य प्रगति पर मिला।
निरीक्षण के दौरान गौशाला में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। वहीं गोवंश के भरण-पोषण के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा और हरा चारा उपलब्ध मिला। सर्दी का मौसम देखते हुए गोवंश को ठंड से बचाने के लिए किए जा रहे इंतजाम जल्द पूरे कराने पर जोर दिया गया।
मौके पर मौजूद पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय भूषण को बीमार गोवंश के उपचार के लिए गौशाला के पशु चिकित्सकों के साथ समन्वय बनाकर नियमित भ्रमण करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही गौशाला के पशु चिकित्सक डॉ. विजय यादव और राजन बिजयाल को पैरावेट का सहयोग लेकर सभी गोवंश को कृमिनाशक दवाएं पिलाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान गोवंश के बेहतर स्वास्थ्य और देखभाल पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि गौशाला में संरक्षित सभी गोवंश के चारे, उपचार और ठंड से बचाव की व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न बरती जाए।

