Homeउत्तर प्रदेशराष्ट्रपति का विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र, कहा- शिक्षा से खुद आगे...

राष्ट्रपति का विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र, कहा- शिक्षा से खुद आगे बढ़ें और समाज को भी आगे बढ़ाएं

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने एकलव्य विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों से किया संवाद, बोलीं- ऊंचे लक्ष्य रखें, आत्मविश्वास के साथ बढ़ें आगे

ब्यूरो रिपोर्ट

नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों के एक समूह से संवाद किया। जनजातीय कार्य मंत्रालय की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम जनजातीय गौरव पखवाड़ा के तहत आयोजित किया गया। इस दौरान राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और मेहनत, अनुशासन व आत्मविश्वास के साथ सफलता हासिल करने का संदेश दिया।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की ओर अग्रसर है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश के प्रत्येक क्षेत्र और समाज के हर वर्ग का समान विकास जरूरी है। उन्होंने कहा कि एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ उनकी छिपी प्रतिभा और क्षमताओं को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि देश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल विद्यार्थियों को उचित अवसर, बेहतर वातावरण और सही मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। उन्होंने एकलव्य विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के समान अनुपात पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे समावेशी विकास की दिशा में सकारात्मक कदम बताया।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी प्राप्त करना या आजीविका कमाना नहीं होना चाहिए, बल्कि अपने ज्ञान और कौशल के माध्यम से दूसरों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा करने चाहिए। जब देश के युवा रोजगार सृजनकर्ता बनेंगे, तभी विकसित भारत और समावेशी विकास का सपना और मजबूत होगा।

राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों को देश-दुनिया की समसामयिक घटनाओं और बदलते परिवेश की जानकारी रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इससे तार्किक सोच, समझ और विश्लेषण करने की क्षमता विकसित होगी। साथ ही विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपने गांव लौटने पर परिवार, रिश्तेदारों और पड़ोसियों के साथ महत्वपूर्ण जानकारियां तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा करें।

राष्ट्रपति ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता तभी अधिक सार्थक होगी, जब उनकी शिक्षा का लाभ उनके परिवार, गांव और समाज तक पहुंचेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments