रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। शहर को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चरथावल रोड पर मदरसे से आगे घेराबंदी कर एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 20 किलो 440 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 10.50 लाख रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामलीला टिल्ला निवासी राजकुमार उर्फ फौजी (32) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि चरथावल रोड पर मदरसे से आगे एक व्यक्ति गांजे की तस्करी के लिए मौजूद है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई तो उसके कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
सस्ते दाम पर खरीदकर महंगे दामों पर करता था सप्लाई
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजा सस्ते दामों पर खरीदकर लाता था और मांग के अनुसार मुजफ्फरनगर के अलग-अलग इलाकों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करता था। इस कारोबार से वह अवैध आर्थिक लाभ कमाता था। पुलिस अब आरोपी के आगे और पीछे के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसे गांजा कहां से मिलता था और शहर में किन-किन लोगों तक इसकी सप्लाई की जाती थी।
पहले भी कई मुकदमों में आ चुका है नाम
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार राजकुमार उर्फ फौजी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ कोतवाली नगर में वर्ष 2018 में मारपीट, छेड़छाड़ और घर में घुसकर हमला करने समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। वर्ष 2019 में हत्या के प्रयास, बलवा और आर्म्स एक्ट के मुकदमे भी दर्ज हैं। इसके अलावा वर्ष 2022 में मारपीट और वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट तथा बीएनएस की धाराओं में भी मुकदमे दर्ज हैं। ताजा मामले में उसके खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 500/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक गोविंद चौधरी, पवन प्रताप सिंह सहित पुलिसकर्मी देवेंद्र, बलदेव, अमित और वेदराम शामिल रहे। पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

