रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। खतौली ब्लॉक की अस्थायी गौशालाओं समोली और नावला कोठी का निरीक्षण कर गोवंशों के रखरखाव, चारे और ठंड से बचाव की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। दोनों गौशालाओं में कुल 384 गोवंश संरक्षित मिले। निरीक्षण के दौरान समोली गौशाला में चारा काटने की मशीन खराब मिलने पर उसे जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
समोली गौशाला में 101 गोवंश संरक्षित मिले। चारा काटने की मशीन खराब होने के कारण हरा चारा नहीं काटा जा रहा था और गोवंशों को भूसा दिया जा रहा था। इस पर केयर टेकर को सभी गोवंशों को भूसे में चोकर मिलाकर सानी देने के निर्देश दिए गए। उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को ग्राम प्रधान और सचिव से समन्वय स्थापित कर मशीन शीघ्र ठीक कराने को कहा गया।
गौशाला में जमा गोबर की खाद का निस्तारण कराने के लिए केयर टेकर को स्थानीय किसानों से संपर्क कर खाद के बदले पराली लेने का अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण में ठंड से बचाव के लिए पर्दे और तिरपाल की व्यवस्था मिली। साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई तथा भूसा और हरा चारा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध मिला।
वहीं नावला कोठी गौशाला में 283 गोवंश संरक्षित मिले। यहां जमा गोबर की खाद का जल्द निस्तारण कराने के लिए संचालक करथ सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष कुलदीप कुमार को किसानों से संपर्क कर गोबर की खाद के बदले पराली लेने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। गौशाला में साफ-सफाई और ठंड से बचाव के इंतजाम संतोषजनक मिले। हालांकि तीन गोवंश बीमार पाए गए, जिनका मौके पर उपचार कराया गया।

