रिपोर्ट – कबीर
खतौली। खतौली पुलिस ने वाहन चोरी के गिरोह का खुलासा करते हुए तीन बाल अपचारियों को पकड़ा है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें खतौली मेले से चोरी की गई चार बाइक और मेरठ से चोरी की गई एक केटीएम बाइक शामिल है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात उपनिरीक्षक ललित तोमर पुलिस टीम के साथ नावला रोड पर भैंसी पुलिया के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक बाइक पर तीन युवक चोरी की मोटरसाइकिल लेकर आ रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में बाल अपचारियों ने पुलिस को बताया कि बरामद बाइक को चार-पांच दिन पहले खतौली मेले से चोरी किया था। इसके अलावा मेले से तीन और मोटरसाइकिल चोरी करने तथा एक केटीएम बाइक मेरठ से चोरी करने की बात बताई।
इसके बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर अलकनंदा नहर पुल से फुलत जाने वाले रास्ते पर आदर्श जूनियर स्कूल से करीब 100 मीटर आगे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई चार और मोटरसाइकिलें बरामद कर लीं। बरामद बाइकों में स्पेलेंडर प्रो, स्पेलेंडर प्लस और केटीएम शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में थाना खतौली में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। आरोपियों के खिलाफ संबंधित मुकदमों में बीएनएस की धारा 317(2) और 317(5) की बढ़ोतरी की गई है। तीनों बाल अपचारियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र बघेल के नेतृत्व में उपनिरीक्षक ललित तोमर, प्रदीप नारायण, संजय तोमर समेत पुलिस टीम ने की।
