रिपोर्ट – कबीर
मुजफ्फरनगर। सर्दी के मौसम में कोहरे और कम दृश्यता के चलते होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा अभियान शुरू किया है। यातायात माह नवंबर के तहत शुक्रवार को मंसूरपुर मिल क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और भैंसा बुग्गियों पर रिफ्लेक्टर टेप लगवाई गई।
पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और भैंसा बुग्गियों के पीछे रिफ्लेक्टर टेप लगाई गई, ताकि कोहरे और रात के अंधेरे में पीछे से आने वाले वाहन चालकों को ये वाहन दूर से ही दिखाई दे सकें। इससे टक्कर और सड़क हादसों की आशंका कम करने में मदद मिलेगी।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की कि कोहरे के दौरान तेज रफ्तार से वाहन न चलाएं और पर्याप्त दूरी बनाए रखें। साथ ही अपने वाहनों पर रिफ्लेक्टर जरूर लगवाएं, जिससे कम दृश्यता में भी सड़क पर सुरक्षित सफर किया जा सके।

