Homeउत्तर प्रदेशकासगंज से इंस्टाग्राम के जरिए किशोरी को मुजफ्फरनगर बुलाने का आरोप, तीन...

कासगंज से इंस्टाग्राम के जरिए किशोरी को मुजफ्फरनगर बुलाने का आरोप, तीन दिन बंधक रखने और यौन अपराध की शिकायत से हड़कंप

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। कासगंज जिले की करीब 16 वर्षीय किशोरी को इंस्टाग्राम के माध्यम से संपर्क में आए एक युवक द्वारा मुजफ्फरनगर बुलाने और यहां तीन दिन तक कथित रूप से बंधक बनाकर रखने का मामला सामने आया है। किशोरी ने युवक और उसके दो साथियों पर यौन अपराध सहित गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने किशोरी को वन स्टॉप सेंटर में भर्ती कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, खालापार थाना क्षेत्र के कृष्णापुरी निवासी एक युवक की कासगंज निवासी किशोरी से इंस्टाग्राम के जरिए दोस्ती हुई थी। आरोप है कि युवक ने किशोरी को प्रेम और शादी का भरोसा देकर मुजफ्फरनगर बुलाया। किशोरी करीब तीन दिन पहले घर से निकली थी। आरोप है कि युवक उसे प्रेमपुरी क्षेत्र स्थित एक परिचित के मकान में ले गया, जहां उसे रखा गया।

शुक्रवार देर रात युवक अपने दो साथियों के साथ किशोरी को कहीं ले जा रहा था। इसी दौरान किशोरी के शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। लोगों को देखकर तीनों युवक किशोरी को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद स्थानीय लोगों ने समाजसेवी शालू सैनी और गौ सेवक नीशू को सूचना दी।

सूचना पर दोनों मौके पर पहुंचे और किशोरी को अपने संरक्षण में लेकर कृष्णापुरी स्थित आश्रम पहुंचाया। बाद में शहर कोतवाली की शामली रोड पुलिस चौकी से दरोगा मनोज शर्मा पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और किशोरी से बातचीत कर उसके बयान दर्ज किए।

किशोरी ने पुलिस को दिए बयान में युवक पर उसे प्रेम जाल में फंसाकर मुजफ्फरनगर बुलाने, उसकी इच्छा के विरुद्ध रखने और यौन अपराध करने के आरोप लगाए हैं। उसने यह भी बताया कि युवक के कुछ अन्य परिचित वहां आए थे। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस ने रात करीब एक बजे किशोरी को जिला महिला चिकित्सालय परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर में पहुंचाया। उसकी सुरक्षा और आवश्यक देखभाल की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने कासगंज में किशोरी के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, किशोरी के बयान, चिकित्सकीय जांच और जांच में सामने आने वाले अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नाबालिग होने के कारण मामले में बाल संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों का भी पालन किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपों की जांच में जुटी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments