ब्यूरो रिपोर्ट
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के नेतृत्व में आयोजित अवध ताइक्वांडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को गुरुवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने सम्मानित किया। सेक्टर-1 आवास विकास कॉलोनी स्थित विजय पार्क में संचालित ताइक्वांडो प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों को डीएम ने अपने कार्यालय में मेडल और प्रमाणपत्र प्रदान किए। सम्मान पाकर खिलाड़ियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
सम्मान समारोह के दौरान वरिष्ठ ताइक्वांडो प्रशिक्षक एवं राष्ट्रीय रेफरी जितेंद्र कुमार मौर्य ने जिलाधिकारी को पुष्पगुच्छ भेंट कर आभार जताया। इस दौरान अव्यांश, अरुण प्रताप सिंह, वरुण प्रताप सिंह, वैष्णवी, ईशान सिंह, अक्षत सिंह, अथर्व वर्मा, समर मौर्य, रेयान, असदुल्ला, एकाग्र सिंह, अनुभव मिश्रा और अनय वर्मा को मेडल एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि खेल में निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में ताइक्वांडो प्रशिक्षक मनीष दत्त और तुषार विश्वकर्मा ने एसोसिएशन की ओर से जिलाधिकारी को प्रतीक चिन्ह भेंट किया। वरिष्ठ प्रशिक्षक जितेंद्र कुमार मौर्य ने कहा कि खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए लगातार प्रशिक्षण दिया जा रहा है। ऐसे सम्मान से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें आगे बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है।
उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के महासचिव राजकुमार तथा जिला सचिव सतीश चौहान ने सम्मानित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
