रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। कोतवाली नगर क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 20 हजार रुपये का इनामी वांछित डकैत आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, डकैती से जुड़े आभूषण और बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक बरामद हुई है।
मंगलवार को थाना कोतवाली नगर पुलिस टीम दधेडू रजवाहा की पटरी के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस के रुकने के इशारे पर वह बाइक मोड़कर खेतों की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो तेज रफ्तार में बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।

खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी, लेकिन पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। घायल बदमाश की पहचान शिवम उर्फ मोटा निवासी चंद्रपाल खेड़ी, थाना नकुड़, सहारनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी 4 अप्रैल को पिन्ना गांव में हुई डकैती की घटना में वांछित था। इस मामले में पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि शिवम फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मौके से पुलिस ने 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, करीब 400 ग्राम सफेद धातु के आभूषण के टुकड़े और वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली नगर प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब आरोपी के अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क की भी गहनता से जांच कर रही है।

