Homeराष्ट्रीयमानदेय बढ़ोतरी का तोहफा: शिक्षामित्रों को ₹18,000, सम्मान समारोह में गूंजा ‘शिक्षा...

मानदेय बढ़ोतरी का तोहफा: शिक्षामित्रों को ₹18,000, सम्मान समारोह में गूंजा ‘शिक्षा प्रहरी’ का गौरव

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर । उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षामित्रों के मानदेय में ऐतिहासिक बढ़ोतरी के साथ उन्हें सम्मानित करने के उद्देश्य से मंगलवार को गोरखपुर स्थित बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह से आयोजित भव्य कार्यक्रम का जनपद स्तर पर सीधा प्रसारण किया गया। जानसठ रोड स्थित लाला जगदीश प्रसाद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से कार्यक्रम को बड़े पैमाने पर देखा और सुना गया, जहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और हजारों शिक्षामित्रों की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत बना दिया।


मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित इस राज्य स्तरीय समारोह में शिक्षामित्रों के मानदेय को ₹10,000 से बढ़ाकर ₹18,000 प्रतिमाह किए जाने की घोषणा को 1 अप्रैल 2026 से लागू बताया गया। साथ ही शिक्षामित्रों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का भी ऐलान किया गया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षामित्र अब केवल शिक्षक नहीं, बल्कि गांव-गांव में शिक्षा के प्रहरी बनकर नई पीढ़ी का भविष्य संवार रहे हैं।
उन्होंने परिषदीय विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत मूलभूत सुविधाओं के विस्तार, स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और डिजिटल लाइब्रेरी की उपलब्धता पर जोर देते हुए ड्रॉपआउट दर शून्य करने और नामांकन बढ़ाने के लिए 1 जुलाई से ‘स्कूल चलो अभियान’ को और प्रभावी बनाने की अपील की।
जिला स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में करीब 1000 शिक्षामित्रों ने भागीदारी की। मंच से वक्ताओं ने शिक्षामित्रों की भूमिका को शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ बताते हुए उनके समर्पण और योगदान की सराहना की। राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि यह निर्णय शिक्षामित्रों के सम्मान और उनकी वर्षों की मांग का सकारात्मक परिणाम है, जिससे शिक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न विकासखंडों से चयनित 10 शिक्षामित्रों को ₹18,000 की प्रतीकात्मक चेक राशि देकर सम्मानित किया गया। आयोजन के सफल संचालन में शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की अहम भूमिका रही।
समापन अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों और उपस्थित शिक्षामित्रों का आभार जताते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन पर संतोष व्यक्त किया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments