Homeराष्ट्रीयनवनिर्माण के 9 साल: मुजफ्फरनगर में विकास का जश्न, योजनाओं की झड़ी...

नवनिर्माण के 9 साल: मुजफ्फरनगर में विकास का जश्न, योजनाओं की झड़ी के बीच लाभार्थियों को मिली सौगात

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के ‘नवनिर्माण के 9 वर्ष’ पूर्ण होने पर जनपद में आयोजित नौ दिवसीय कार्यक्रम का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के अटल सभागार में आयोजित समापन समारोह में विकास योजनाओं की उपलब्धियों का जोरदार प्रदर्शन किया गया, वहीं लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के तहत उपकरण और लैपटॉप वितरित कर सरकार की प्राथमिकताओं को भी रेखांकित किया गया।
समारोह का शुभारंभ राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल और जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि वर्ष 2017 के बाद से उत्तर प्रदेश ने विकास की नई रफ्तार पकड़ी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और रोजगार जैसे हर क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश देश के विकास को नई दिशा दे रहा है। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल ने भी सरकार की नीतियों को समाज के हर वर्ग के उत्थान का आधार बताया।
कार्यक्रम के दौरान ‘एक जनपद एक उत्पाद योजना’ के अंतर्गत पांच लाभार्थियों को टूलकिट, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत तीन बच्चों को लैपटॉप, खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा दो लाभार्थियों को पॉपकॉर्न बनाने की मशीन तथा माटी कला बोर्ड की योजना के तहत टूलकिट वितरित की गई।
आईटीआई परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल और प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रहे, जहां आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। मंत्री समेत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया।
समापन समारोह के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम रही। सूचना विभाग द्वारा जहां प्रचार सामग्री का वितरण किया गया, वहीं सांस्कृतिक दलों और विद्यालय की छात्राओं ने गीत और नाट्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में रंग जमा दिया।
नौ दिनों तक चले इस आयोजन ने न केवल सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया, बल्कि लाभार्थियों के चेहरे पर मुस्कान भी बिखेरी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments