Homeराष्ट्रीयदिनदहाड़े नई मंडी पुलिस का डबल एनकाउंटर: दो मुठभेड़ों में चार शातिर...

दिनदहाड़े नई मंडी पुलिस का डबल एनकाउंटर: दो मुठभेड़ों में चार शातिर बदमाश गिरफ्तार, छिनैती गैंग का सफाया

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। शहर में बढ़ती छिनैती और लूट की वारदातों के बीच नई मंडी थाना पुलिस ने दिनदहाड़े ताबड़तोड़ एक्शन लेते हुए दो अलग-अलग मुठभेड़ों में चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। कुछ ही घंटों के अंतराल में हुई इन दोनों पुलिस मुठभेड़ों ने अपराधियों में दहशत पैदा कर दी है।
पहली मुठभेड़ उस वक्त हुई जब पुलिस टीम मोबाइल छिनैती की घटना के खुलासे में जुटी थी।

5 मई को जानसठ रोड स्थित छाता फैक्ट्री के पास बाइक सवार बदमाशों ने मऊ निवासी युवक से मोबाइल छीन लिया था। मुकदमा दर्ज कर पुलिस लगातार बदमाशों की तलाश में लगी थी। चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी और भागने लगे। पीछा करने पर उनकी बाइक फिसलकर गिर गई, जिसके बाद बदमाश जंगल की ओर भागते हुए लगातार फायरिंग करते रहे। पुलिस ने घेराबंदी कर जवाबी कार्रवाई की और दो बदमाशों को मौके से दबोच लिया, जबकि उनके दो साथी फरार हो गए।
इसी क्रम में कुछ ही देर बाद दूसरी मुठभेड़ भी सामने आई, जिसमें नई मंडी पुलिस ने दो और शातिर बदमाशों को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार ये आरोपी भी लूट और छिनैती की घटनाओं में सक्रिय थे और इनकी लंबे समय से तलाश की जा रही थी।


दोनों मुठभेड़ों में गिरफ्तार चारों बदमाशों के कब्जे से अवैध तमंचे, कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि फरार बदमाशों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
थाना प्रभारी आनन्द कुमार मिश्रा के नेतृत्व में हुई इस डबल कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में अपराध पर नकेल कसने के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments