Homeराष्ट्रीयगैस एजेंसियों पर सख्ती का संदेश, ओवरचार्जिंग और कालाबाजारी पर होगी कड़ी...

गैस एजेंसियों पर सख्ती का संदेश, ओवरचार्जिंग और कालाबाजारी पर होगी कड़ी कार्रवाई

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद में गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में आयोजित एक महत्वपूर्ण गोष्ठी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने गैस एजेंसी संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी कि उपभोक्ताओं के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही, ओवरचार्जिंग या कालाबाजारी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल समेत अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में गैस वितरण प्रणाली से जुड़े तमाम पहलुओं पर गहन मंथन हुआ। एसएसपी ने दो टूक कहा कि उपभोक्ताओं को निर्धारित दरों पर समयबद्ध गैस आपूर्ति सुनिश्चित करना एजेंसियों की जिम्मेदारी है, इसमें किसी भी स्तर पर गड़बड़ी सामने आई तो संबंधित के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
गोष्ठी के दौरान सुरक्षा मानकों को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। एजेंसियों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रखने, गैस सिलेंडरों के सुरक्षित भंडारण और परिवहन के दौरान तय मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए कहा गया।
एसएसपी ने एजेंसी संचालकों से उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने और अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनका त्वरित और विधिक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गैस जैसी आवश्यक सेवा में पारदर्शिता और जवाबदेही ही उपभोक्ताओं का भरोसा बनाए रख सकती है।
पुलिस प्रशासन की इस सख्ती के बाद अब जनपद में गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर कड़ी निगरानी तय मानी जा रही है, जिससे आम उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments