Homeराष्ट्रीयखतौली में अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर, 48 बीघा में फैली प्लॉटिंग...

खतौली में अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर, 48 बीघा में फैली प्लॉटिंग ध्वस्त

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जनपद के खतौली क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण (एमडीए) ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चला दिया। करीब 48 बीघा भूमि पर बिना स्वीकृति विकसित की जा रही तीन अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया गया। इस कार्रवाई से अवैध प्लॉटिंग करने वालों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सहारनपुर मंडल के मंडलायुक्त की प्रेरणा और प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती कविता मीना के निर्देश पर विकास क्षेत्र खतौली में यह अभियान चलाया गया। बुढाना रोड स्थित खतौली रूरल में खसरा नंबर 253, 255, 256, 260, 261, 262, 263, 349, 391 और 393 पर लगभग 25 बीघा भूमि में प्रवीन, सुशील, अनिल पुत्रगण कन्हैया लाल समेत अन्य द्वारा अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी।
इसी तरह ग्राम शेखपुरा, कस्बा खतौली में खसरा नंबर 19 पर करीब 15 बीघा भूमि पर विभूति गुप्ता, दिनेश गर्ग और तमन्ना द्वारा बिना नक्शा स्वीकृत कराए कॉलोनी विकसित की जा रही थी। वहीं बुढाना रोड स्थित काजी फार्म के सामने खसरा नंबर 108 पर करीब 8 बीघा भूमि में अमित गोयल, ईशान और अनीश द्वारा अवैध प्लॉटिंग का कार्य किया जा रहा था।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि इन सभी भू-स्वामियों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे और चालानी कार्रवाई के बाद ध्वस्तीकरण के आदेश भी पारित किए गए थे। इसके बावजूद संबंधित लोगों ने अवैध निर्माण नहीं हटाया, जिसके चलते बुधवार को सख्त कार्रवाई करते हुए तीनों स्थलों पर बुलडोजर चलाकर अवैध कॉलोनियों को जमींदोज कर दिया गया।
ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता, अवर अभियंता समेत प्राधिकरण की टीम और संबंधित थाने का पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि बिना स्वीकृति के प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments