Homeराष्ट्रीयससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न, बेरहमी से मारपीट और जान से मारने...

ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न, बेरहमी से मारपीट और जान से मारने के प्रयास का आरोप

रिपोर्ट – कबीर

मुजफ्फरनगर। जिले में दहेज प्रथा का एक और शर्मनाक मामला सामने आया है। थाना नई मंडी क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और सोने के आभूषण की मांग पूरी न होने पर लगातार शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करने, बेरहमी से मारपीट करने और यहां तक कि जान से मारने का प्रयास करने का गंभीर आरोप लगाया है। सुभाष नगर, नसीरपुर रोड निवासी सलमा पुत्री स्वर्गीय सलीम ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी शादी लगभग आठ वर्ष पूर्व अलीपुर अटेटना भाटा, बुढ़ाना निवासी विशाल उर्फ महबूब के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार हुई थी। विवाह के शुरुआती कुछ महीने सुखद रहे, लेकिन इसके बाद हालात पूरी तरह बदल गए। सलमा का कहना है कि उसके ससुराल वाले—पति विशाल, ससुर महबूब, सास रुखसाना, जेठ रिजवान, जेठानी काजल और ननद रिजवाना—लगातार उससे दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल और सोने की मांग करने लगे। विरोध करने पर सभी लोग उस पर अत्याचार करने लगे। उसके साथ रोजाना गाली-गलौच और मारपीट की जाती थी।

पीड़िता ने बताया कि करीब एक माह पहले 17 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे सभी ससुराल वालों ने मिलकर जान से मारने की नीयत से उसे घर से बाहर फेंक दिया था। गंभीर रूप से घायल होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक वह ICU में जिंदगी और मौत से जूझती रही। मायके वालों को सूचना मिलने पर वे अस्पताल पहुंचे और किसी तरह उसकी जान बची। लगभग डेढ़ माह तक मायके में रहने के बाद, 30 अक्टूबर को सलमा अपने रिश्तों को सुधारने की उम्मीद में फिर से ससुराल लौटी। लेकिन वहां उसका उपहास उड़ाया गया। ससुराल के लोगों ने उसे ताने देते हुए कहा कि “बहुत बेशर्म हो, जो वापस आ गई।” इसके बाद पति विशाल ने गाली-गलौच शुरू कर दी, जिससे घर में विवाद खड़ा हो गया। रात करीब एक बजे ससुराल के सभी लोग दो गाड़ियों में सलमा को जबरन लेकर निकले। रास्ते में उमरपुर पुलिस चौकी से होकर महिला थाना मुजफ्फरनगर पहुंचे, जहां उसे जबरन छोड़कर सभी फरार हो गए। सलमा ने बताया कि रास्ते में ही गाड़ी रोककर उसके साथ फिर से बेरहमी से मारपीट की गई और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया। उसके शोर मचाने पर राहगीरों ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई। सलमा ने किसी तरह फोन के माध्यम से अपने मायके वालों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अपने साथ घर ले आए। इसके बाद सलमा ने पूरी घटना की लिखित शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दी है। महिला का कहना है कि उसकी ससुराल में उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा और उसे डराया-धमकाया जाता था कि अगर उसने शिकायत की तो उसका अंजाम बहुत बुरा होगा। अब वह न्याय की उम्मीद में अधिकारियों के दरवाजे खटखटा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments