रिपोर्ट – कबीर

मुज़फ्फरनगर। जिले में दिनदहाड़े युवक को कार में जबरन उठाकर लूट करने की सनसनीखेज वारदात का रामराज पुलिस और एसओजी देहात टीम ने पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार, बाइक, अवैध असलहा और लूटी गई रकम बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक 4 मई को हाशमपुर ओवरब्रिज के पास बदमाशों ने स्कूटी सवार युवक को टक्कर मारकर गिराया और फिर जबरन कार में डालकर मुझेडा गांव के एक बाग में ले गए। वहां मारपीट कर उससे नगदी, एटीएम और आधार कार्ड छीन लिया गया। इतना ही नहीं, आरोपियों ने युवक को डराकर एटीएम का पिन भी हासिल कर लिया और खाते से 20 हजार रुपये निकाल लिए।

घटना की सूचना मिलते ही रामराज थाना पुलिस हरकत में आई और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर महज दो दिन के भीतर चारों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी समरेज का पीड़ित के परिवार से पुराना विवाद था। इसी रंजिश में उसने अपनी प्रेमिका और साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची। प्रेमिका ने सोशल मीडिया के जरिए युवक को जाल में फंसाया और मिलने के बहाने बुलाकर वारदात को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने युवक को धमकाते हुए उसकी वीडियो भी बनाई और वायरल करने की धमकी देकर चुप रहने का दबाव बनाया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्विफ्ट कार, स्प्लेंडर बाइक, 5800 रुपये नकद, मोबाइल फोन, एटीएम और आधार कार्ड के साथ एक अवैध तमंचा, दो कारतूस और दो चाकू बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और फरार मुख्य साजिशकर्ता समरेज की तलाश में दबिश दी जा रही है।
इस कार्रवाई को क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह और थानाध्यक्ष ज्ञानेन्द्र सिरोही के नेतृत्व में अंजाम दिया गया, जिसकी क्षेत्र में सराहना हो रही है।

